Maruti Suzuki ने लॉन्च की पहली Flex-Fuel WagonR, अब E85 इथेनॉल फ्यूल पर दौड़ेगी कार

मारुति सुजुकी ने भारत में अपनी पहली फ्लेक्स-फ्यूल कार WagonR Bio-Flex लॉन्च कर दी है। यह नई कार E85 फ्यूल पर चलेगी, जिसमें 85% इथेनॉल और 15% पेट्रोल का मिश्रण होता है। कंपनी ने फिलहाल इसे कमर्शियल और फ्लीट सेगमेंट के लिए पेश किया है। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत ₹7.24 लाख रखी गई है। नई WagonR Bio-Flex को स्टैंडर्ड मॉडल जैसा ही डिजाइन दिया गया है, लेकिन इसे E85 इथेनॉल फ्यूल के अनुकूल बनाने के लिए इंजन और फ्यूल सिस्टम में बड़े तकनीकी बदलाव किए गए हैं। यही वजह है कि यह रेगुलर WagonR से करीब ₹86 हजार महंगी है। वहीं कमर्शियल WagonR Tour H3 के मुकाबले इसका फ्लेक्स-फ्यूल वर्जन ₹1.35 लाख से ₹2.25 लाख तक ज्यादा कीमत पर आएगा।

नया 1.2-लीटर फ्लेक्स-फ्यूल इंजन

नई WagonR Bio-Flex में 1.2-लीटर का फ्लेक्स-फ्यूल पेट्रोल इंजन दिया गया है, जिसे खास तौर पर E85 इथेनॉल ब्लेंडेड फ्यूल के लिए तैयार किया गया है। कंपनी ने इंजन में अपग्रेडेड फ्यूल इंजेक्टर्स, नया फ्यूल पंप, नई फ्यूल लाइन्स, री-कैलिब्रेटेड ECU और स्पेशल इथेनॉल सेंसर जैसे बदलाव किए हैं। इस इंजन के साथ फिलहाल 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स मिलेगा। हालांकि कंपनी ने अभी इसकी पावर और टॉर्क के आधिकारिक आंकड़े जारी नहीं किए हैं।

माइलेज में आ सकती है कमी

मारुति सुजुकी ने अभी तक फ्लेक्स-फ्यूल WagonR का आधिकारिक माइलेज जारी नहीं किया है। हालांकि हालिया टेस्ट के मुताबिक E85 फ्यूल इस्तेमाल करने पर माइलेज में करीब 24% तक गिरावट देखी जा सकती है। रेगुलर पेट्रोल WagonR मैनुअल करीब 23.56 kmpl का माइलेज देती है।

एक्सटीरियर में ‘Flex Fuel’ बैजिंग

नई WagonR Bio-Flex का डिजाइन लगभग रेगुलर मॉडल जैसा ही रखा गया है। हालांकि इसे अलग पहचान देने के लिए बॉडी पर ‘Flex Fuel’ ग्राफिक्स और टेलगेट पर क्रोम ‘Flex Fuel’ बैज दिया गया है। कार में बड़े चौकोर हैलोजन हेडलैंप, हनीकॉम्ब ग्रिल, ब्लैक इंसर्ट वाला बंपर और 14-इंच अलॉय व्हील्स दिए गए हैं। इसकी पारंपरिक टॉल-बॉय डिजाइन कार को ज्यादा स्पेसियस और प्रैक्टिकल बनाती है।

डुअल-टोन केबिन और मॉडर्न फीचर्स

नई WagonR Bio-Flex के इंटीरियर में ब्लैक और बेज कलर की डुअल-टोन थीम दी गई है। डैशबोर्ड पर 7-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलता है, जो Android Auto और Apple CarPlay को सपोर्ट करता है। इसके अलावा कार में स्टीयरिंग माउंटेड कंट्रोल्स, मैनुअल AC, पावर विंडोज, मल्टी-इन्फॉर्मेशन डिस्प्ले, चार्जिंग पोर्ट और 4-स्पीकर साउंड सिस्टम जैसे फीचर्स दिए गए हैं। टॉल-बॉय डिजाइन की वजह से पिछली सीट पर अच्छा हेडरूम और लेगरूम मिलता है।

सेफ्टी में 6 एयरबैग्स तक

सेफ्टी के लिहाज से नई WagonR Bio-Flex में 6 एयरबैग्स, ABS के साथ EBD, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी प्रोग्राम (ESP), हिल होल्ड असिस्ट, रियर पार्किंग सेंसर और सीटबेल्ट रिमाइंडर जैसे फीचर्स दिए गए हैं।

इथेनॉल फ्यूल पर सरकार का फोकस

भारत सरकार लगातार इथेनॉल ब्लेंडेड फ्यूल को बढ़ावा दे रही है ताकि पेट्रोल पर निर्भरता कम हो और कार्बन उत्सर्जन घटाया जा सके। ऐसे में Maruti Suzuki की यह Flex-Fuel WagonR देश के ऑटो सेक्टर में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *