अमेरिकी टेलीकॉम बाजार में उतरने की तैयारी में SpaceX, Starlink Mobile के लिए Qualcomm से की बड़ी डील
Spacex
एलन मस्क की कंपनी SpaceX अब सिर्फ सैटेलाइट इंटरनेट तक सीमित नहीं रहना चाहती। कंपनी अमेरिकी मोबाइल नेटवर्क बाजार में भी अपनी मजबूत मौजूदगी बनाने की तैयारी कर रही है। इसी दिशा में SpaceX ने चिप निर्माता Qualcomm के साथ मल्टीईयर समझौता किया है। इस साझेदारी के तहत Qualcomm, SpaceX को Starlink Mobile के लिए जरूरी नेटवर्क तकनीक उपलब्ध कराएगी। इसके जरिए कंपनी अमेरिका में अपना जमीनी मोबाइल नेटवर्क तैयार करेगी और Verizon, AT&T तथा T-Mobile जैसी दिग्गज टेलीकॉम कंपनियों को चुनौती देने की कोशिश करेगी।
Qualcomm की तकनीक से तैयार होगा मोबाइल नेटवर्क
समझौते के तहत SpaceX अपने मोबाइल नेटवर्क के बेस स्टेशनों में Qualcomm की Dragonwing सेलुलर इंफ्रास्ट्रक्चर तकनीक का इस्तेमाल करेगी। इसमें हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर दोनों शामिल हैं। इस तकनीक की मदद से कंपनी जमीन पर हजारों मोबाइल नेटवर्क साइट्स तैयार कर हाई-कैपेसिटी कवरेज उपलब्ध कराने की योजना बना रही है।
Qualcomm के मुताबिक यह जमीनी नेटवर्क Starlink की सैटेलाइट तकनीक के साथ मिलकर काम करेगा। यानी यूजर्स को पारंपरिक मोबाइल नेटवर्क और सैटेलाइट कनेक्टिविटी, दोनों का फायदा मिल सकेगा। कंपनी ने बताया कि इस नेटवर्क का रोलआउट अगले साल से शुरू होने की उम्मीद है। हालांकि दोनों कंपनियों ने इस समझौते की वित्तीय शर्तों का खुलासा नहीं किया है।
हजारों नए सेल साइट्स बनाने की योजना
SpaceX इस तकनीक के जरिए अमेरिका में हजारों नए सेल साइट्स स्थापित करना चाहती है। हालांकि कंपनी ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि वह किन टावर ऑपरेटरों के साथ साझेदारी करेगी और नेटवर्क के लिए कितने अतिरिक्त मोबाइल टावरों की जरूरत होगी।
Qualcomm के एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट दुर्गा मल्लादी ने कहा कि SpaceX के साथ मिलकर कंपनी अमेरिका में विश्वस्तरीय सेलुलर इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार कर रही है। इसका उद्देश्य मौजूदा 5G तकनीक को आगे बढ़ाने के साथ भविष्य में AI आधारित 6G नेटवर्क की नींव रखना भी है।
Jio की शेयर बाजार में धमाकेदार एंट्री, मार्केट कैप के मामले में बनी देश की दूसरी सबसे बड़ी कंपनी
Verizon, AT&T और T-Mobile के लिए बढ़ सकती है चुनौती
SpaceX की यह साझेदारी ऐसे समय में हुई है, जब कंपनी अमेरिकी वायरलेस बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए लगातार कदम उठा रही है। पिछले महीने कंपनी ने 800 MHz बैंड में देशव्यापी स्पेक्ट्रम पोर्टफोलियो हासिल करने के लिए एक समझौते की घोषणा की थी। इस खबर के बाद अमेरिकी टेलीकॉम कंपनियों के शेयरों पर दबाव देखने को मिला था।
इसके अलावा The Washington Post की रिपोर्ट के मुताबिक SpaceX, EchoStar के Boost Mobile वायरलेस कारोबार को खरीदने के लिए भी बातचीत कर रही है। अगर यह सौदा आगे बढ़ता है, तो अमेरिकी मोबाइल बाजार में SpaceX की स्थिति और मजबूत हो सकती है।
फिलहाल अमेरिका का वायरलेस बाजार मुख्य रूप से Verizon, AT&T और T-Mobile जैसी कंपनियों के नियंत्रण में है। SpaceX की रणनीति इन कंपनियों के मुकाबले एक नए नेटवर्क विकल्प के रूप में उभरने की है।
Starlink से SpaceX को मिल रहा बड़ा मुनाफा
Starlink पहले ही SpaceX के कारोबार का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। रिपोर्ट के मुताबिक, 2026 की तीसरी तिमाही में कंपनी के कुल रेवेन्यू में Starlink की हिस्सेदारी 36% रही, जबकि ऑपरेटिंग प्रॉफिट में इसका योगदान 85% था। हालांकि सैटेलाइट के जरिए सीधे मोबाइल फोन तक वॉयस, वीडियो और डेटा सेवाएं पहुंचाने में अभी कुछ सीमाएं हैं। जमीनी मोबाइल नेटवर्क तैयार करने से SpaceX इन कमियों को दूर कर सकती है। इससे कंपनी पारंपरिक टेलीकॉम ऑपरेटरों के साथ सीधे मुकाबले की स्थिति में आ सकती है।
मोबाइल इंफ्रास्ट्रक्चर में Qualcomm का अनुभव
Qualcomm को अब तक मुख्य रूप से स्मार्टफोन प्रोसेसर, मॉडेम और रेडियो चिप्स के लिए जाना जाता रहा है। हालांकि कंपनी ने 2020 से 5G नेटवर्क इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में भी अपना विस्तार शुरू किया था। इस सेगमेंट में Verizon, Dish और Vodafone के साथ पहले भी उसके समझौते हो चुके हैं। अब SpaceX के साथ साझेदारी उसके इस कारोबार को और आगे बढ़ा सकती है।
करीब 2 ट्रिलियन डॉलर के वैल्यूएशन पर SpaceX
रिपोर्ट के अनुसार जून में रिकॉर्ड स्तर का IPO लाने के बाद SpaceX का वैल्यूएशन करीब 2 ट्रिलियन डॉलर के आसपास पहुंच गया है। कंपनी अब सैटेलाइट इंटरनेट से आगे बढ़कर मोबाइल नेटवर्क इंफ्रास्ट्रक्चर में भी निवेश कर रही है।
