Fixed Deposite: 555 दिन की FD पर मिल रहा 7.50% तक ब्याज, जानिए कौन सा बैंक दे रहा सबसे ज्यादा रिटर्न
FD
ब्याज दरों में उतार-चढ़ाव के बीच सुरक्षित निवेश पसंद करने वाले लोगों के लिए फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) अब भी सबसे भरोसेमंद विकल्प बना हुआ है। खासकर बैंकों की स्पेशल एफडी स्कीम्स निवेशकों को आकर्षित कर रही हैं, क्योंकि इनमें सामान्य एफडी की तुलना में ज्यादा ब्याज दिया जा रहा है। इन्हीं में 555 दिनों की एफडी स्कीम इन दिनों काफी चर्चा में है। देश के कई सरकारी और निजी बैंक 555 दिनों की अवधि पर विशेष एफडी योजनाएं चला रहे हैं, जिनमें आम नागरिकों के साथ-साथ वरिष्ठ नागरिकों को भी अतिरिक्त ब्याज का लाभ मिल रहा है। हाल ही में बैंक ऑफ बड़ौदा ने भी अपनी नई स्पेशल एफडी स्कीम लॉन्च कर इस प्रतिस्पर्धा को और रोचक बना दिया है।
सिटी यूनियन बैंक दे रहा सबसे ज्यादा ब्याज
555 दिनों की एफडी पर सबसे ज्यादा ब्याज देने वाले बैंकों में सिटी यूनियन बैंक शामिल है। बैंक सामान्य ग्राहकों को 7.25% और वरिष्ठ नागरिकों को 7.50% सालाना ब्याज की पेशकश कर रहा है। यह दर वर्तमान में बाजार की आकर्षक एफडी दरों में गिनी जा रही है।
कर्नाटक बैंक का भी मजबूत ऑफर
कर्नाटक बैंक की 555 दिनों वाली एफडी स्कीम में सामान्य नागरिकों को 7% और वरिष्ठ नागरिकों को 7.40% ब्याज मिल रहा है। सुरक्षित निवेश के साथ बेहतर रिटर्न चाहने वाले निवेशकों के लिए यह भी एक अच्छा विकल्प माना जा रहा है।
इंडियन बैंक की स्पेशल एफडी
सरकारी क्षेत्र के इंडियन बैंक में 555 दिनों की एफडी पर सामान्य ग्राहकों को 6.80% और वरिष्ठ नागरिकों को 7.30% सालाना ब्याज दिया जा रहा है। बैंक की यह स्कीम उन निवेशकों को आकर्षित कर सकती है जो सरकारी बैंक की सुरक्षा के साथ बेहतर रिटर्न चाहते हैं।
Mutual Fund : रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा निवेश, SIP से हर महीने आ रहे हजारों करोड़ रुपए
बैंक ऑफ बड़ौदा की नई ‘बॉब गोल्डन गोल डिपॉजिट’ स्कीम
बैंक ऑफ बड़ौदा ने हाल ही में 555 दिनों की अवधि वाली ‘बॉब गोल्डन गोल डिपॉजिट’ योजना शुरू की है। यह स्कीम 3 करोड़ रुपए से कम की रिटेल टर्म डिपॉजिट के लिए उपलब्ध है। कॉलएबल विकल्प में सामान्य ग्राहकों को 6.75%, वरिष्ठ नागरिकों को 7.25% और सुपर सीनियर सिटीजंस को 7.35% ब्याज दिया जा रहा है। वहीं नॉन-कॉलएबल विकल्प चुनने पर ब्याज दरें थोड़ी अधिक हो जाती हैं। इस श्रेणी में सामान्य ग्राहकों को 6.80%, वरिष्ठ नागरिकों को 7.30% और सुपर सीनियर सिटीजंस को 7.40% तक ब्याज मिल रहा है।
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की ब्याज दर
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया 555 दिनों की एफडी पर सामान्य नागरिकों को 6.65% और वरिष्ठ नागरिकों को 7.15% सालाना ब्याज दे रहा है। हालांकि ब्याज दर अन्य कुछ बैंकों की तुलना में थोड़ी कम है लेकिन सरकारी बैंक होने के कारण यह निवेशकों के बीच भरोसेमंद विकल्प बना हुआ है।
DigiLocker या बैंक लॉकर? जरूरी दस्तावेज सुरक्षित रखने के लिए कौन है बेहतर विकल्प
निवेश से पहले क्या ध्यान रखें?
स्पेशल एफडी स्कीम चुनते समय केवल ब्याज दर पर ही ध्यान न दें। समय से पहले निकासी (Premature Withdrawal), टैक्स नियम, कॉलएबल और नॉन-कॉलएबल विकल्प जैसी शर्तों को भी अच्छी तरह समझना जरूरी है। इसके अलावा वरिष्ठ नागरिकों और सुपर सीनियर सिटीजंस को मिलने वाले अतिरिक्त ब्याज का लाभ भी निवेश निर्णय को प्रभावित कर सकता है। अगर आप अगले डेढ़ साल के आसपास की अवधि के लिए सुरक्षित निवेश और बेहतर रिटर्न की तलाश में हैं, तो 555 दिनों की स्पेशल एफडी स्कीम आपके लिए एक अच्छा विकल्प साबित हो सकती है।
