टेक दिग्गज Microsoft ने एक बार फिर बड़े स्तर पर कर्मचारियों की छंटनी का ऐलान किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी ने सेल्स और Xbox डिवीजन से करीब 4,800 कर्मचारियों को बाहर करने का फैसला लिया है। इनमें सबसे ज्यादा असर Xbox गेमिंग बिजनेस पर पड़ेगा, जहां वित्त वर्ष 2027 के दौरान कुल 3,200 पद समाप्त किए जाएंगे। इनमें से 1,600 कर्मचारियों की छंटनी सोमवार को ही कर दी गई। यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब Microsoft आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर भारी निवेश कर रही है और लागत कम करने की रणनीति पर काम कर रही है।
Xbox के इतिहास का सबसे बड़ा पुनर्गठन
Xbox की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) आशा शर्मा ने कर्मचारियों को भेजे गए ई-मेल में कहा कि कंपनी Xbox के इतिहास का सबसे बड़ा पुनर्गठन शुरू कर रही है। उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2027 के दौरान लगभग 3,200 पद खत्म किए जाएंगे, जिनमें से 1,600 पदों पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि चार गेम स्टूडियो भी Xbox से अलग किए जाएंगे और उनके लिए नया प्रबंधन तय किया जाएगा।
Microsoft को गेमिंग कारोबार से नहीं मिला मुनाफा
आशा शर्मा ने कहा कि कंपनी ने पिछले कुछ वर्षों में गेमिंग कारोबार का तेजी से विस्तार किया, लेकिन इससे उम्मीद के मुताबिक मुनाफा नहीं मिला। उन्होंने बताया कि Xbox का लाभ मार्जिन प्रतिस्पर्धी कंपनियों की तुलना में 3 से 10 गुना कम है। इतना ही नहीं, कंपनी हर एक डॉलर के निवेश पर औसतन 64 सेंट का नुकसान उठा रही थी। ऐसे में बिजनेस मॉडल में बड़े बदलाव की जरूरत महसूस की गई।
चार गेम स्टूडियो होंगे अलग
पुनर्गठन के तहत Microsoft अपने चार प्रमुख गेम डेवलपमेंट स्टूडियो को Xbox से अलग कर रही है।
- Compulsion Games को स्वतंत्र कंपनी बनाया जाएगा।
- Double Fine Productions भी स्वतंत्र रूप से काम करेगी।
- Ninja Theory को बेचा जाएगा।
- Undead Labs की भी बिक्री की जाएगी।
इसके अलावा फ्रांस स्थित Arkane Studio के भविष्य को लेकर भी स्थानीय नियमों के तहत समीक्षा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
LNG सप्लाई हुई सामान्य, सरकार ने इमरजेंसी गैस रेगुलेशन हटाया; इंडस्ट्रीज को बड़ी राहत
मैनेजमेंट की परतें भी होंगी कम
Microsoft केवल कर्मचारियों की संख्या ही नहीं घटा रही बल्कि प्रबंधन ढांचे में भी बड़ा बदलाव कर रही है। कंपनी मैनेजमेंट की परतों को घटाकर 14 स्तर से केवल 5 या 3 स्तर तक सीमित करने की योजना पर काम कर रही है ताकि फैसले तेजी से लिए जा सकें और संचालन अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
AI पर बढ़ते खर्च के बीच लागत घटाने की रणनीति
रिपोर्ट के मुताबिक Microsoft इन दिनों AI इंफ्रास्ट्रक्चर और नई तकनीकों पर अरबों डॉलर का निवेश कर रही है। इसी कारण कंपनी अन्य क्षेत्रों में खर्च कम करने की कोशिश कर रही है। विश्लेषकों का मानना है कि AI के बढ़ते प्रभाव के कारण सॉफ्टवेयर उद्योग में कई पारंपरिक भूमिकाओं की आवश्यकता भी कम हो सकती है। इसी दबाव के बीच Microsoft अपने कारोबार को अधिक लाभदायक बनाने की दिशा में कदम उठा रही है।
2025 में भी हुई थी बड़ी छंटनी
यह Microsoft की पहली बड़ी छंटनी नहीं है। मई 2025 में कंपनी ने लगभग 6,000 कर्मचारियों की छंटनी की थी। इसके बाद जुलाई 2025 में करीब 9,000 कर्मचारियों को नौकरी से निकाला गया था, जो उस समय कंपनी के कुल कार्यबल का लगभग 4% था। अब 2026 में 4,800 नई छंटनियों के साथ Microsoft लगातार लागत नियंत्रण और कारोबार के पुनर्गठन की रणनीति पर आगे बढ़ रही है।
600 पर अटका है आपका CIBIL Score! इन आसान तरीकों से 750+ तक पहुंचाएं, लोन भी होगा जल्दी अप्रूव
निवेशकों की भी बढ़ी चिंता
रिपोर्ट के अनुसार Microsoft पर वॉल स्ट्रीट के निवेशकों का भी दबाव है। AI में भारी निवेश के बावजूद निवेशक कंपनी की भविष्य की कमाई और पारंपरिक सॉफ्टवेयर कारोबार पर उसके असर को लेकर चिंतित हैं। पिछले एक महीने में Microsoft के शेयरों में भी करीब 17% की गिरावट दर्ज की गई है। इस बीच कंपनी का कहना है कि वह भविष्य की जरूरतों के अनुसार अपने बिजनेस मॉडल को मजबूत करने और नए अवसरों पर फोकस करने के लिए यह पुनर्गठन कर रही है।
