June 26, 2026

Apple यूजर्स को बड़ा झटका! MacBook और iPad की कीमतों में भारी बढ़ोतरी, कुछ मॉडल ₹1 लाख तक महंगे

Apple Price Hike

Apple Price Hike

Apple ने भारत में अपने कई लोकप्रिय MacBook और iPad मॉडल्स की कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी कर दी है। कंपनी के प्रीमियम लैपटॉप और टैबलेट अब पहले की तुलना में हजारों नहीं बल्कि कुछ मामलों में लाख रुपए तक महंगे हो गए हैं। नई कीमतें Apple की आधिकारिक वेबसाइट पर अपडेट कर दी गई हैं। यह फैसला ऐसे समय में आया है जब Apple के CEO टिम कुक ने हाल ही में संकेत दिया था कि वैश्विक सप्लाई चेन में मेमोरी कंपोनेंट्स की बढ़ती लागत के कारण कंपनी को कीमतों में बदलाव करना पड़ सकता है।

MacBook Air खरीदना हुआ महंगा

Apple के सबसे ज्यादा बिकने वाले MacBook Air मॉडल्स की कीमतों में भी बड़ा इजाफा देखने को मिला है। M5 चिप से लैस 13-इंच MacBook Air, जो पहले ₹1,19,900 में उपलब्ध था, अब ₹1,49,900 में मिलेगा। यानी इस मॉडल पर ग्राहकों को ₹30,000 अतिरिक्त खर्च करने होंगे। वहीं 15-इंच MacBook Air की कीमत ₹1,44,900 से बढ़कर ₹1,79,900 पहुंच गई है। इस मॉडल में ₹35,000 की बढ़ोतरी की गई है।

MacBook Pro पर सबसे ज्यादा असर

कीमतों में सबसे बड़ा बदलाव MacBook Pro सीरीज में देखने को मिला है। 14-इंच MacBook Pro (M5, 16GB RAM) की कीमत ₹1,69,900 से बढ़कर सीधे ₹2,39,900 हो गई है। यानी इस लैपटॉप की कीमत में ₹70,000 का उछाल आया है। इसके अलावा M5 Max प्रोसेसर वाले 14-इंच MacBook Pro की कीमत में ₹1 लाख तक की बढ़ोतरी की गई है जो Apple के हालिया प्राइस रिवीजन में सबसे बड़ा बदलाव माना जा रहा है।

बजट MacBook Neo भी महंगा

Apple का एंट्री-लेवल लैपटॉप MacBook Neo भी इस बढ़ोतरी से अछूता नहीं रहा। इसकी कीमत ₹69,900 से बढ़कर ₹79,900 कर दी गई है। यानी ग्राहकों को अब इस मॉडल के लिए ₹10,000 ज्यादा चुकाने होंगे।

iPad Air और iPad Pro की कीमतों में भी उछाल

Apple ने अपने टैबलेट पोर्टफोलियो की कीमतों में भी बड़ा संशोधन किया है। 11-इंच iPad Air (M4) की कीमत ₹64,900 से बढ़कर ₹89,900 कर दी गई है। इस डिवाइस की कीमत में ₹25,000 का इजाफा हुआ है। वहीं M5 चिप और 256GB स्टोरेज वाले iPad Pro की कीमत ₹99,990 से बढ़कर ₹1,39,900 हो गई है। यानी इस मॉडल के लिए अब लगभग ₹40,000 अतिरिक्त खर्च करने होंगे।

EPFO पोर्टल 3 दिन रहेगा बंद, PF निकासी और ऑनलाइन क्लेम सेवाएं होंगी प्रभावित

ग्लोबल बाजारों में भी बढ़ीं कीमतें

भारत ही नहीं, Apple ने अमेरिका समेत कई अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी अपने उत्पादों की कीमतें बढ़ाई हैं। MacBook Neo की शुरुआती कीमत 599 डॉलर से बढ़ाकर 699 डॉलर कर दी गई है। वहीं MacBook Air अब 1,299 डॉलर से शुरू होगा, जबकि 14-इंच MacBook Pro की शुरुआती कीमत 1,999 डॉलर पहुंच गई है। iPad Air और iPad Pro की कीमतों में भी वैश्विक स्तर पर उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

क्यों बढ़ानी पड़ी कीमतें?

विशेषज्ञों का मानना है कि हाई-परफॉर्मेंस मेमोरी मॉड्यूल्स और अन्य महत्वपूर्ण इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स की लागत लगातार बढ़ रही है। इसका असर अब सीधे उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों पर दिखाई देने लगा है। Apple के अनुसार सप्लाई चेन पर बढ़ते दबाव और निर्माण लागत में वृद्धि के चलते यह कदम उठाना जरूरी हो गया था।

1 जुलाई से पासपोर्ट बनवाना पड़ेगा महंगा, 14 साल बाद बढ़ी फीस; जानिए नए शुल्क

ग्राहकों की जेब पर बढ़ेगा बोझ

नई कीमतों के बाद Apple के प्रीमियम लैपटॉप और टैबलेट खरीदना पहले से ज्यादा महंगा हो गया है। खासकर प्रोफेशनल यूजर्स और छात्रों को इसका सीधा असर महसूस होगा। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि यदि वैश्विक सप्लाई चेन की स्थिति में जल्द सुधार नहीं होता है तो आने वाले समय में अन्य टेक कंपनियां भी इसी तरह कीमतों में बढ़ोतरी कर सकती हैं।