Tesla ने AI इस्तेमाल पर लगाया खर्च का ब्रेक, अब कर्मचारियों को हफ्ते में सिर्फ 200 डॉलर की सीमा
Tesla
अमेरिकी इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता Tesla ने अपने कर्मचारियों द्वारा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल्स पर होने वाले खर्च को नियंत्रित करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी ने अब कर्मचारियों के लिए AI टूल्स पर खर्च की सीमा 200 डॉलर (करीब 17 हजार रुपए) प्रति सप्ताह तय कर दी है। इस सीमा से ज्यादा खर्च करने के लिए कर्मचारियों को कंपनी से विशेष मंजूरी लेनी होगी। यह फैसला ऐसे समय आया है जब दुनियाभर की कंपनियां तेजी से AI टूल्स का इस्तेमाल बढ़ा रही हैं लेकिन साथ ही इन पर होने वाला खर्च भी लगातार बढ़ रहा है।
Tesla कर्मचारियों के AI खर्च पर लगेगी सीमा
प्रेडिक्शन मार्केट प्लेटफॉर्म Kalshi ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दावा किया कि Tesla ने कर्मचारियों के AI खर्च को प्रति सप्ताह 200 डॉलर तक सीमित कर दिया है। हालांकि कंपनी ने अभी तक इस नीति की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और यह भी स्पष्ट नहीं किया है कि किन AI प्लेटफॉर्म्स पर यह नियम लागू होगा। रिपोर्ट्स के अनुसार यह नई व्यवस्था 6 जुलाई से लागू की जाएगी।
हजारों डॉलर खर्च कर रहे थे इंजीनियर
The Information की रिपोर्ट के मुताबिक Tesla के कई सॉफ्टवेयर इंजीनियर हर सप्ताह AI टोकन और प्रीमियम AI सेवाओं पर हजारों डॉलर खर्च कर रहे थे। इसी बढ़ते खर्च को देखते हुए कंपनी ने यह सीमा तय करने का फैसला लिया। अगर किसी कर्मचारी को 200 डॉलर से ज्यादा खर्च करना होगा तो उसे पहले कंपनी से अनुमति लेनी होगी।
xAI के बीटा मॉडल पर नहीं होगी सीमा
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि यह सीमा Elon Musk की AI कंपनी xAI के बीटा वर्जन वाले AI प्रोडक्ट्स पर लागू नहीं होगी। यानी Tesla अपने कर्मचारियों को xAI के नए AI मॉडल इस्तेमाल करने के लिए प्रोत्साहित करती रहेगी।
AI इस्तेमाल पर रखी जा रही है नजर
बताया गया है कि Tesla ने कंपनी के अंदर ऐसे डैशबोर्ड भी तैयार किए हैं जिनसे कर्मचारियों के AI टोकन उपयोग पर नजर रखी जा रही है। इन डैशबोर्ड्स के जरिए यह देखा जाता है कि कौन कर्मचारी कितने AI संसाधनों का उपयोग कर रहा है।
पिछले साल लॉन्च किया था Bottle Rocket प्लेटफॉर्म
Tesla ने पिछले साल कर्मचारियों के लिए Bottle Rocket नाम का एक इंटरनल AI प्लेटफॉर्म शुरू किया था। इस प्लेटफॉर्म के जरिए कर्मचारी OpenAI, Anthropic, xAI और Cursor जैसे AI मॉडल्स का उपयोग एक ही जगह से कर सकते हैं। इसमें कुछ ऐसे AI मॉडल भी उपलब्ध हैं जिन्हें अभी सार्वजनिक रूप से लॉन्च नहीं किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार Bottle Rocket आने से पहले कई कर्मचारी अपने निजी AI अकाउंट का उपयोग करके काम करते थे।
RBI का Bank of Baroda और GIC Housing Finance पर एक्शन, नियमों के उल्लंघन पर ₹66.70 लाख का जुर्माना
बढ़ते AI खर्च पर कंपनियां सख्त
विशेषज्ञों का मानना है कि AI टूल्स ने कंपनियों की उत्पादकता बढ़ाई है, लेकिन इनकी प्रीमियम सदस्यता और टोकन आधारित सेवाओं का खर्च भी तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में कई कंपनियां अब AI उपयोग को संतुलित रखने और अनावश्यक खर्च रोकने के लिए नई नीतियां बना रही हैं। Tesla का यह फैसला भी उसी दिशा में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
