August 1, 2026

Personal Loan Reject! दोबारा अप्लाई करने से पहले इन जरूरी बातों का रखें ध्यान

Personal Loan

Personal Loan

आज के समय में अचानक पैसों की जरूरत पूरी करने के लिए बड़ी संख्या में लोग Personal Loan का सहारा लेते हैं। लेकिन कई बार बैंक या फाइनेंशियल संस्थान बिना स्पष्ट कारण बताए लोन एप्लीकेशन रिजेक्ट कर देते हैं। ऐसे में लोगों के मन में कई सवाल आते हैं कि आखिर लोन क्यों रिजेक्ट हुआ, अब दोबारा आवेदन करना चाहिए या नहीं और लोन अप्रूवल की संभावना कैसे बढ़ाई जा सकती है। अगर आपका भी पर्सनल लोन रिजेक्ट हो गया है तो तुरंत किसी दूसरे बैंक या ऐप में आवेदन करने से पहले कुछ जरूरी बातों को समझना बेहद जरूरी है। गलत तरीके से बार-बार आवेदन करने से आपकी क्रेडिट प्रोफाइल पर असर पड़ सकता है।

सबसे पहले चेक करें अपनी क्रेडिट रिपोर्ट

पर्सनल लोन रिजेक्ट होने के बाद सबसे पहला कदम अपनी क्रेडिट रिपोर्ट और क्रेडिट स्कोर चेक करना होना चाहिए। क्रेडिट रिपोर्ट में आपकी पूरी वित्तीय हिस्ट्री दर्ज होती है, जिसे बैंक लोन मंजूरी देने से पहले देखते हैं। रिपोर्ट चेक करते समय यह जरूर देखें कि उसमें कोई गलत जानकारी तो दर्ज नहीं है। कई बार गलत एंट्री, पुराने अपडेट या बिना अनुमति जारी किए गए लोन और क्रेडिट कार्ड की जानकारी क्रेडिट रिपोर्ट में दिखाई दे सकती है। अगर रिपोर्ट में किसी तरह की गलती मिलती है तो तुरंत संबंधित क्रेडिट ब्यूरो से संपर्क कर उसे ठीक करवाएं। रिपोर्ट में सुधार होने से भविष्य में लोन अप्रूवल की संभावना बढ़ सकती है।

कम क्रेडिट स्कोर हो सकता है लोन रिजेक्शन की वजह

पर्सनल लोन रिजेक्ट होने की सबसे बड़ी वजहों में से एक खराब क्रेडिट स्कोर भी हो सकता है। बैंक और एनबीएफसी आमतौर पर उन ग्राहकों को प्राथमिकता देते हैं जिनका क्रेडिट स्कोर अच्छा होता है। आमतौर पर 750 या उससे ज्यादा क्रेडिट स्कोर वाले ग्राहकों को लोन मिलने की संभावना ज्यादा रहती है क्योंकि उन्हें वित्तीय रूप से ज्यादा भरोसेमंद माना जाता है।

अगर आपका क्रेडिट स्कोर कम है तो इसे सुधारने के लिए कुछ जरूरी कदम उठाए जा सकते हैं।

  • क्रेडिट कार्ड के बिल और EMI समय पर जमा करें।
  • एक साथ कई बैंकों और लोन ऐप्स में आवेदन करने से बचें।
  • पुराने कर्ज का समय पर भुगतान करें।
  • अपनी क्रेडिट लिमिट का ज्यादा इस्तेमाल न करें।

समय के साथ बेहतर भुगतान रिकॉर्ड बनने से क्रेडिट स्कोर में सुधार आ सकता है।

बार-बार लोन के लिए आवेदन करने से बचें

लोन रिजेक्ट होने के बाद कई लोग तुरंत अलग-अलग बैंकों और फिनटेक ऐप्स पर आवेदन करना शुरू कर देते हैं। लेकिन ऐसा करना नुकसानदायक हो सकता है। जब भी आप किसी बैंक या लेंडर के पास लोन के लिए आवेदन करते हैं तो आपकी क्रेडिट रिपोर्ट की जांच की जाती है। ज्यादा संख्या में आवेदन करने पर क्रेडिट रिपोर्ट में कई हार्ड इंक्वायरी दिखाई देती हैं जिससे बैंक को लग सकता है कि आप लगातार कर्ज लेने की कोशिश कर रहे हैं। इसलिए दोबारा आवेदन करने से पहले अपनी वित्तीय स्थिति और लोन रिजेक्शन की वजह को समझना ज्यादा बेहतर विकल्प है।

अपने मौजूदा बैंक से करें संपर्क

अगर आपका पर्सनल लोन रिजेक्ट हुआ है तो सबसे पहले अपने मौजूदा बैंक या एनबीएफसी से संपर्क करें, जहां आपका सेविंग अकाउंट, सैलरी अकाउंट या क्रेडिट कार्ड मौजूद है। मौजूदा ग्राहक होने के कारण बैंक के पास आपकी वित्तीय जानकारी पहले से मौजूद होती है। ऐसे ग्राहकों को कई बार बेहतर ब्याज दर, आसान प्रक्रिया और तेज अप्रूवल जैसे फायदे मिल सकते हैं। किसी नए बैंक या लोन ऐप में आवेदन करने से पहले यह जरूर जांच लें कि आपका मौजूदा बैंक आपके लिए कोई प्री-अप्रूव्ड लोन ऑफर दे रहा है या नहीं।

Emergency Loan Options: क्रेडिट कार्ड नहीं है? जरूरत पड़ने पर इन 6 तरीकों से मिल सकता है सस्ता लोन

ऑनलाइन लोन मार्केटप्लेस पर विकल्पों की तुलना करें

आज के डिजिटल दौर में कई ऑनलाइन फाइनेंशियल मार्केटप्लेस उपलब्ध हैं, जहां आप अलग-अलग बैंकों और एनबीएफसी के पर्सनल लोन ऑफर्स की तुलना कर सकते हैं। हर लेंडर की पात्रता शर्तें अलग होती हैं। कुछ डिजिटल लेंडर्स और एनबीएफसी की शर्तें पारंपरिक बैंकों की तुलना में अलग हो सकती हैं। ऐसे प्लेटफॉर्म पर ब्याज दर, लोन अवधि और अन्य शर्तों की तुलना करके अपनी जरूरत के अनुसार बेहतर विकल्प चुना जा सकता है।

लोन लेने से पहले अपनी वित्तीय क्षमता समझें

पर्सनल लोन लेने से पहले यह जरूर सुनिश्चित करें कि आप उसकी EMI आसानी से चुका पाएंगे या नहीं। ज्यादा EMI आपकी मासिक बजट को प्रभावित कर सकती है। लोन की राशि, ब्याज दर और भुगतान अवधि को ध्यान में रखकर ही आवेदन करना चाहिए। सही योजना के साथ लिया गया लोन आपकी जरूरत पूरी कर सकता है, लेकिन बिना सोच-विचार के लिया गया कर्ज आर्थिक परेशानी भी बढ़ा सकता है।

ITR Deadline 2026: कुछ टैक्सपेयर्स को 31 अगस्त तक राहत, जानिए किसे मिला अतिरिक्त समय और TDS कटने के बाद रिटर्न भरना क्यों है जरूरी

Personal Loan रिजेक्शन के बाद धैर्य से उठाएं सही कदम

पर्सनल लोन रिजेक्ट होना हमेशा स्थायी समस्या नहीं होती। सही कारण पता करके और अपनी क्रेडिट प्रोफाइल सुधारकर दोबारा लोन अप्रूवल की संभावना बढ़ाई जा सकती है। जरूरी है कि जल्दबाजी में बार-बार आवेदन करने के बजाय अपनी क्रेडिट रिपोर्ट, आय और वित्तीय स्थिति का सही आकलन करें।