Axis Bank Credit Card: 28 अगस्त से बदलेंगे ये नियम, DCC चार्ज से लेकर रिवॉर्ड पॉइंट तक पर असर
Axis Bank Credit card
अगर आप Axis Bank का Credit Card इस्तेमाल करते हैं, तो 28 अगस्त 2026 से आपके लिए कुछ अहम नियम बदलने जा रहे हैं। बैंक ने क्रेडिट कार्ड के नियम और शर्तों में कई बदलाव किए हैं। इनका असर विदेश में कार्ड इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों से लेकर देर से भुगतान करने वालों और रिवॉर्ड पॉइंट कमाने वाले ग्राहकों तक पड़ सकता है। सबसे बड़ा बदलाव Dynamic Currency Conversion यानी DCC चार्ज में किया गया है। इसके अलावा ज्यादा बकाया राशि पर लेट पेमेंट फीस बढ़ाई गई है। बैंक ने यह भी स्पष्ट किया है कि ग्राहक की ओर से किए गए आंशिक भुगतान को पहले किस मद में एडजस्ट किया जाएगा। वहीं टोल और कुछ गिफ्ट कार्ड ट्रांजैक्शन पर रिवॉर्ड पॉइंट या कैशबैक का फायदा भी नहीं मिलेगा।
28 अगस्त से लागू होंगे नए नियम
Axis Bank के मुताबिक क्रेडिट कार्ड से जुड़े ये संशोधित नियम 28 अगस्त 2026 से प्रभावी होंगे। इसलिए अगर आपके पास Axis Bank का Credit Card है, तो इन बदलावों को समझना जरूरी है, खासकर अगर आप विदेश में कार्ड का इस्तेमाल करते हैं या अक्सर बड़ी रकम का भुगतान क्रेडिट कार्ड से करते हैं।
विदेश में कार्ड इस्तेमाल करने वालों को झटका
सबसे अहम बदलाव Dynamic Currency Conversion (DCC) चार्ज में किया गया है। पहले DCC मार्कअप 1.5% था, जिसे अब बढ़ाकर 3.5% प्लस लागू टैक्स कर दिया गया है। DCC की सुविधा में ग्राहक विदेश में किसी स्टोर या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर स्थानीय मुद्रा के बजाय भारतीय रुपये में भुगतान करने का विकल्प चुन सकता है। हालांकि 28 अगस्त के बाद इस सुविधा का इस्तेमाल करना पहले के मुकाबले महंगा पड़ेगा। इसलिए विदेश यात्रा या इंटरनेशनल ट्रांजैक्शन के दौरान ग्राहकों को पेमेंट स्क्रीन पर दिखाई देने वाली करेंसी और अतिरिक्त चार्ज को ध्यान से देखना होगा।
₹50 हजार से ज्यादा बकाया पर लेट फीस बढ़ेगी
Axis Bank ने ज्यादा बकाया राशि वाले क्रेडिट कार्ड ग्राहकों के लिए लेट पेमेंट फीस में भी बदलाव किया है। ₹50,000 से ज्यादा के बकाया पर अब 1,300 रुपये की लेट पेमेंट फीस लगेगी।
अन्य स्लैब में फीस इस तरह रहेगी:
| बकाया राशि | लेट पेमेंट फीस |
|---|---|
| ₹500 तक | कोई चार्ज नहीं |
| ₹501 से ₹5,000 | ₹500 |
| ₹5,001 से ₹10,000 | ₹750 |
| ₹10,001 से ₹50,000 | ₹1,200 |
| ₹50,000 से ज्यादा | ₹1,300 |
इसका मतलब है कि जिन ग्राहकों का क्रेडिट कार्ड बिल बड़ा है और वे भुगतान की तारीख चूक जाते हैं उन्हें पहले के मुकाबले ज्यादा पेनल्टी देनी पड़ सकती है।
सितंबर से Tata की गाड़ियां होंगी महंगी, ₹25 हजार तक बढ़ेगी कीमत
आंशिक भुगतान करने पर पहले क्या कटेगा?
Axis Bank ने क्रेडिट कार्ड पर किए गए Partial Payment को एडजस्ट करने का क्रम भी स्पष्ट किया है। अगर ग्राहक अपने पूरे बकाया का भुगतान नहीं करता है और कुछ रकम जमा करता है, तो बैंक उस रकम को एक तय क्रम में एडजस्ट करेगा। सबसे पहले फीस, चार्ज और टैक्स का भुगतान एडजस्ट होगा। इसके बाद EMI, फिर ब्याज, उसके बाद सामान्य खरीदारी से जुड़ी रकम और अंत में कैश एडवांस को एडजस्ट किया जाएगा। इसका मतलब है कि सिर्फ कुछ रकम जमा कर देने से जरूरी नहीं कि आपके सभी क्रेडिट कार्ड बकाये में कमी उसी तरह आए जैसी आप उम्मीद कर रहे हैं। खास तौर पर कैश एडवांस की रकम सबसे आखिर में एडजस्ट होने के कारण ग्राहकों को अतिरिक्त ब्याज का असर समझना जरूरी होगा।
टोल और रोड चार्ज पर नहीं मिलेंगे रिवॉर्ड पॉइंट
नए नियमों के तहत टोल, रोड फीस और ब्रिज चार्ज से जुड़े खर्च पर अब रिवॉर्ड पॉइंट या कैशबैक नहीं मिलेगा। यानी अगर आप क्रेडिट कार्ड से नियमित रूप से टोल का भुगतान करते हैं और इसके बदले रिवॉर्ड या कैशबैक मिलने की उम्मीद रखते हैं, तो 28 अगस्त के बाद यह फायदा नहीं मिलेगा।
गिफ्ट कार्ड की कैटेगरी भी बदलेगी
Axis Bank ने Gift Card से जुड़े ट्रांजैक्शन की कैटेगरी में भी बदलाव किया है। अब गिफ्ट कार्ड खरीदारी को ‘Wallet’ कैटेगरी से अलग करके ‘Gift Card’ कैटेगरी में रखा जाएगा। गिफ्ट कार्ड खरीदने पर रिवॉर्ड पॉइंट या कैशबैक नहीं मिलेगा। साथ ही इन ट्रांजैक्शन को Milestone Spend में भी शामिल नहीं किया जाएगा। इसका असर उन ग्राहकों पर पड़ सकता है जो सालाना फीस माफ कराने या दूसरे फायदे हासिल करने के लिए एक तय खर्च की सीमा पूरी करते हैं।
Axis Credit Card ग्राहकों को क्या ध्यान रखना चाहिए?
28 अगस्त के बाद Axis Bank Credit Card इस्तेमाल करने वालों को खास तौर पर चार चीजों का ध्यान रखना चाहिए- विदेश में DCC का इस्तेमाल करने पर बढ़ा हुआ चार्ज, समय पर क्रेडिट कार्ड बिल का भुगतान, टोल और रोड चार्ज पर रिवॉर्ड न मिलना और गिफ्ट कार्ड ट्रांजैक्शन को खर्च की गणना में शामिल न किया जाना। अगर आप विदेश में कार्ड इस्तेमाल करते हैं या हर महीने बड़ी रकम का क्रेडिट कार्ड बिल बनता है, तो इन बदलावों का सीधा असर आपके खर्च पर पड़ सकता है।
