November 23, 2026

NVIDIA में जेनसन हुआंग की CEO पद पर वापसी, बोर्ड ने सर्वसम्मति से दी मंजूरी; राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े आरोपों की जांच रहेगी जारी

NVIDIA

NVIDIA

अमेरिकी चिप निर्माता कंपनी NVIDIA ने जेनसन हुआंग (Jensen Huang) को दोबारा अपना प्रेसिडेंट और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त करने की घोषणा की है। कंपनी के निदेशक मंडल ने सर्वसम्मति से उनकी वापसी को मंजूरी दी है। इस फैसले के साथ हुआंग की बोर्ड डायरेक्टर के रूप में भी वापसी हो गई है। कंपनी के मुताबिक यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।

NVIDIA ने बताया कि जेनसन हुआंग के साथ कई दौर की बैठकों और बातचीत के बाद बोर्ड ने यह फैसला लिया है। बोर्ड ने उनकी पारदर्शिता और कंपनी का नेतृत्व करने की क्षमता पर भरोसा जताया है। कंपनी का यह निर्णय ऐसे समय सामने आया है, जब विदेशी खुफिया गतिविधियों से जुड़े एक मामले में हुआंग को निशाना बनाए जाने की खबरों की स्वतंत्र जांच चल रही है।

बोर्ड ने सर्वसम्मति से लिया फैसला

NVIDIA के मुताबि जेनसन हुआंग की वापसी पर फैसला लेने से पहले निदेशक मंडल ने उनके साथ कई बैठकें कीं। इन चर्चाओं के बाद बोर्ड उनके नेतृत्व और कंपनी के प्रति जिम्मेदारियों को लेकर संतुष्ट हुआ।

कंपनी ने कहा कि फैसले की प्रक्रिया के दौरान बोर्ड को अमेरिकी सरकार के वरिष्ठ स्तरों से भी जानकारी मिली। इसी आधार पर बोर्ड ने भरोसा जताया कि हुआंग की दोबारा नियुक्ति से राष्ट्रीय सुरक्षा को कोई खतरा नहीं है। हालांकि कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया है कि राष्ट्रीय सुरक्षा से संबंधित मामले की स्वतंत्र जांच जारी रहेगी।

अंतरिम CEO कोलेट क्रेस की जगह संभालेंगे जिम्मेदारी

जेनसन हुआंग की वापसी के साथ NVIDIA में अंतरिम CEO की जिम्मेदारी संभाल रहीं कोलेट क्रेस (Colette Kress) की यह भूमिका समाप्त होगी। हालांकि वह कंपनी की मुख्य वित्तीय अधिकारी (CFO) बनी रहेंगी। NVIDIA के बोर्ड चेयरमैन हार्वे सी. जोन्स ने कहा कि बोर्ड का मानना है कि कंपनी का नेतृत्व करने के लिए जेनसन हुआंग सही व्यक्ति हैं। उन्होंने कहा कि हुआंग की वापसी शेयरधारकों, कर्मचारियों, कारोबारी साझेदारों और ग्राहकों के हित में है। बोर्ड को उनके नेतृत्व पर पूरा भरोसा है। हार्वे जोन्स ने अंतरिम CEO के रूप में कोलेट क्रेस की सेवाओं की भी सराहना की। वह स्वयं NVIDIA के बोर्ड चेयरमैन बने रहेंगे।

जेनसन हुआंग बोले- नई जिम्मेदारी के साथ काम पर लौटने को तैयार

दोबारा CEO नियुक्त होने के बाद जेनसन हुआंग ने NVIDIA के बोर्ड का आभार जताया। उन्होंने कहा कि एक नई औद्योगिक क्रांति की शुरुआत के दौर में दुनिया की महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकी कंपनियों में से एक का नेतृत्व करने के लिए लौटना उनके लिए सम्मान की बात है।

हुआंग ने कहा कि वह इस जिम्मेदारी को विनम्रता और नई प्रतिबद्धता के साथ निभाएंगे। उन्होंने बोर्ड चेयरमैन हार्वे जोन्स, कोलेट क्रेस और कंपनी की कार्यकारी टीम को इस अवधि में नेतृत्व संभालने के लिए धन्यवाद दिया।

इसके अलावा उन्होंने NVIDIA के कर्मचारियों, शेयरधारकों, उद्योग जगत के सहयोगियों, कारोबारी साझेदारों और अपने परिवार के प्रति भी आभार व्यक्त किया।

विदेशी निवेशकों के लिए LTCG टैक्स खत्म करने की SEBI की सिफारिश, म्यूचुअल फंड निवेशकों को भी मिल सकती है राहत

विदेशी खुफिया गतिविधियों से जुड़े मामले की जांच जारी

NVIDIA ने बताया कि हाल में ऐसी खबरें सामने आई थीं, जिनमें जेनसन हुआंग को विदेशी खुफिया गतिविधियों के तहत निशाना बनाए जाने की बात कही गई थी।

इन खबरों के बाद कंपनी के बोर्ड ने मामले की जांच के लिए स्वतंत्र निदेशकों की एक विशेष समिति गठित की थी। समिति ने जांच में सहायता के लिए स्वतंत्र कानूनी सलाहकारों की सेवाएं भी ली हैं।

एनवीडिया के CEO जेन्सन हुआंग के साथ एलिस हुआंग। खुफिया एजेंसियों का मानना है कि एलिस चीनी जासूस है।

कंपनी ने स्पष्ट किया है कि हुआंग की CEO पद पर वापसी के बावजूद यह जांच पूरी होने तक जारी रहेगी।

जेनसन हुआंग ने भी जांच का समर्थन किया है और इसमें पूरा सहयोग करने की प्रतिबद्धता जताई है।

कंपनी के बयान में किसी विदेशी खुफिया एजेंसी की पहचान या जांच के अंतिम नतीजों की जानकारी नहीं दी गई है।

राष्ट्रीय सुरक्षा और निर्यात नियमों के लिए नई समिति

NVIDIA ने राष्ट्रीय सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय व्यापार नियमों की निगरानी मजबूत करने के लिए एक नई समिति भी बनाई है।

इसका नाम नेशनल सिक्योरिटी एंड एक्सपोर्ट कंट्रोल कमेटी (National Security and Export Control Committee) रखा गया है।

इस समिति में केवल स्वतंत्र निदेशक शामिल होंगे। इसका मुख्य काम कंपनी के व्यापारिक अनुपालन, निर्यात नियंत्रण और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े जोखिमों की निगरानी करना होगा। समिति राष्ट्रीय सुरक्षा मामलों का अनुभव रखने वाले कानूनी विशेषज्ञों की सेवाएं ले रही है। ये विशेषज्ञ जरूरत के अनुसार अतिरिक्त सलाहकारों को भी नियुक्त करेंगे।

Zee Entertainment का ₹600 करोड़ का शेयर बायबैक, निवेशकों को 23.8% प्रीमियम पर मिलेगा शेयर बेचने का मौका

कंपनी में बनेगा चीफ कंप्लायंस ऑफिसर का नया पद

NVIDIA ने कंपनी में नियमों के पालन की निगरानी के लिए चीफ कंप्लायंस ऑफिसर (Chief Compliance Officer) का नया पद बनाने का भी फैसला किया है।

कंपनी ने इस पद के लिए योग्य उम्मीदवार की तलाश शुरू कर दी है। नए अधिकारी की जिम्मेदारी NVIDIA के विभिन्न कारोबारों में लागू कानूनों, नियामकीय शर्तों और आंतरिक अनुपालन व्यवस्थाओं की निगरानी करना होगी। यह अधिकारी कंपनी की नॉमिनेटिंग एंड कॉरपोरेट गवर्नेंस कमेटी को रिपोर्ट करेगा।

सरकारी जांच में सहयोग जारी रखेगी NVIDIA

कंपनी ने कहा है कि वह जारी सरकारी जांच और पूछताछ में सहयोग करती रहेगी। NVIDIA के मुताबिक नई सुरक्षा समिति और चीफ कंप्लायंस ऑफिसर की नियुक्ति का उद्देश्य कंपनी की निगरानी और अनुपालन व्यवस्था को मजबूत करना है।