EPF Interest : 7 करोड़ कर्मचारियों को मिलेगा 8.25% ब्याज, इसी महीने खाते में आएगा पैसा
EPF
EPF Interest : देश के करोड़ों नौकरीपेशा लोगों के लिए राहत भरी खबर है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के सदस्यों को वित्त वर्ष 2025-26 के लिए भी अपने EPF खाते में 8.25% की दर से ब्याज मिलेगा। केंद्र सरकार ने इस ब्याज दर को मंजूरी दे दी है जिसके बाद अब ब्याज की राशि जल्द ही खातों में जमा होने का रास्ता साफ हो गया है।
केंद्र सरकार ने दी अंतिम मंजूरी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक वित्त मंत्रालय ने EPFO की ओर से प्रस्तावित 8.25% ब्याज दर को अंतिम स्वीकृति दे दी है। इसके साथ ही वित्त वर्ष 2025-26 के लिए EPF खातों में ब्याज जमा करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इस फैसले का फायदा देश के 7 करोड़ से अधिक EPF खाताधारकों को मिलेगा, जो हर महीने अपनी सैलरी का एक हिस्सा भविष्य निधि खाते में जमा करते हैं।
जून में ही खातों में पहुंच सकता है ब्याज
EPFO अब अपने सदस्यों के खातों में ब्याज राशि ट्रांसफर करने की तैयारी कर रहा है। श्रम मंत्रालय के निर्देशों के बाद संगठन इसी महीने से ब्याज क्रेडिट करने की प्रक्रिया शुरू कर सकता है। इस बार EPFO ने अपने डिजिटल सिस्टम को और बेहतर बनाया है, जिससे ब्याज जमा होने की प्रक्रिया पहले की तुलना में ज्यादा तेज होगी। जैसे ही प्रक्रिया शुरू होगी, पात्र खाताधारकों के अकाउंट में राशि सीधे दिखाई देने लगेगी।
लगातार तीसरे साल नहीं बदली ब्याज दर
EPFO ने लगातार तीसरे वर्ष ब्याज दर को 8.25% पर बरकरार रखा है। इससे पहले मार्च 2026 में केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मंडाविया की अध्यक्षता में हुई सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज (CBT) की बैठक में यही दर तय की गई थी। बाद में प्रस्ताव को अंतिम मंजूरी के लिए वित्त मंत्रालय भेजा गया था जिसे अब हरी झंडी मिल चुकी है।
CGHS Card: रिटायरमेंट के बाद कैसे बनवाएं कार्ड? जानिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया
पिछले वर्षों में कैसी रही ब्याज दर?
मार्च 2022 में EPF की ब्याज दर घटाकर 8.10% कर दी गई थी जो लगभग चार दशक का सबसे निचला स्तर था। इसके बाद:
- 2022-23 में ब्याज दर 8.15% रही
- 2023-24 में बढ़ाकर 8.25% की गई
- 2024-25 में भी 8.25% बरकरार रखी गई
- 2025-26 के लिए भी 8.25% की दर मंजूर हुई है
PhonePe यूजर्स के लिए बड़ा अपडेट! लंबे समय तक वॉलेट इस्तेमाल नहीं किया तो देना पड़ सकता है चार्ज
कर्मचारियों को क्या होगा फायदा?
EPF पर मिलने वाला ब्याज कर्मचारियों की लंबी अवधि की बचत को मजबूत करता है। ब्याज दर स्थिर रहने से नौकरीपेशा लोगों को अपने रिटायरमेंट फंड पर पहले की तरह ही आकर्षक रिटर्न मिलता रहेगा। जिन कर्मचारियों के EPF खाते में अधिक राशि जमा है, उनके लिए यह ब्याज रकम हजारों से लेकर लाखों रुपये तक हो सकती है, जो सीधे उनके भविष्य निधि खाते में जुड़ जाएगी।
