PhonePe यूजर्स के लिए बड़ा अपडेट! लंबे समय तक वॉलेट इस्तेमाल नहीं किया तो देना पड़ सकता है चार्ज
Phonepe
डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म PhonePe का इस्तेमाल करने वाले करोड़ों ग्राहकों के लिए एक अहम अपडेट सामने आया है। कंपनी ने अपनी वॉलेट पॉलिसी में बदलाव करते हुए साफ किया है कि लंबे समय तक निष्क्रिय पड़े वॉलेट पर अब मेंटेनेंस चार्ज लगाया जा सकता है। इस फैसले के बाद उन यूजर्स को विशेष रूप से सतर्क रहने की जरूरत है जो PhonePe का इस्तेमाल केवल UPI पेमेंट के लिए करते हैं और वॉलेट फीचर को लंबे समय तक उपयोग नहीं करते।
365 दिन तक कोई ट्रांजैक्शन नहीं तो वॉलेट होगा निष्क्रिय
नई नीति के मुताबिक यदि किसी PhonePe Wallet में लगातार 365 दिनों तक कोई लेनदेन नहीं होता है तो उसे निष्क्रिय (Inactive) माना जाएगा। इसके बाद कंपनी उस वॉलेट पर मेंटेनेंस फीस लागू कर सकती है। ध्यान देने वाली बात यह है कि केवल PhonePe ऐप खोलना या बैंक खाते से UPI के जरिए भुगतान करना वॉलेट एक्टिविटी नहीं माना जाएगा। वॉलेट को सक्रिय बनाए रखने के लिए वॉलेट से सीधे कोई ट्रांजैक्शन करना जरूरी होगा।
हर तीन महीने में लग सकता है चार्ज
कंपनी के नियमों के अनुसार, निष्क्रिय वॉलेट पर 100 रुपये तक की मेंटेनेंस फीस वसूली जा सकती है। हालांकि शुल्क काटने से पहले यूजर को 15 दिन पहले नोटिफिकेशन या सूचना भेजी जाएगी। यदि वॉलेट में 100 रुपये या उससे अधिक राशि मौजूद है तो पूरा शुल्क काट लिया जाएगा।

वहीं यदि बैलेंस 100 रुपये से कम है तो उपलब्ध राशि ही काटी जाएगी और वॉलेट का बैलेंस शून्य हो जाएगा। कंपनी किसी भी स्थिति में वॉलेट को नेगेटिव बैलेंस में नहीं ले जाएगी।
चार्ज से बचना है तो करें यह काम
PhonePe यूजर्स समय-समय पर अपने वॉलेट का इस्तेमाल करके इस शुल्क से बच सकते हैं। वॉलेट में पैसे जोड़ना, वॉलेट से भुगतान करना या किसी भी तरह का वॉलेट ट्रांजैक्शन करना उसे एक्टिव बनाए रखेगा और मेंटेनेंस फीस नहीं लगेगी।
सिर्फ UPI इस्तेमाल करने वालों को समझना होगा फर्क
कई यूजर्स PhonePe पर केवल UPI भुगतान करते हैं और उन्हें लगता है कि उनका वॉलेट भी सक्रिय है। जबकि कंपनी के नियमों के अनुसार UPI और Wallet दो अलग-अलग सेवाएं हैं। ऐसे में केवल UPI ट्रांजैक्शन करने से वॉलेट एक्टिव नहीं माना जाएगा।
CGHS Card: रिटायरमेंट के बाद कैसे बनवाएं कार्ड? जानिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया
PhonePe पहला प्लेटफॉर्म नहीं
डिजिटल पेमेंट इंडस्ट्री में निष्क्रिय वॉलेट पर शुल्क लगाने की व्यवस्था नई नहीं है। इससे पहले MobiKwik और Airtel Payments Bank भी ऐसे नियम लागू कर चुके हैं। एयरटेल पेमेंट्स बैंक ने पहले निष्क्रिय वॉलेट पर मेंटेनेंस चार्ज लगाया था जिसे बाद में सालाना रखरखाव शुल्क (AMC) मॉडल में बदला गया। वहीं MobiKwik भी लंबे समय तक इस्तेमाल न होने वाले वॉलेट पर शुल्क वसूलता है।
यूजर्स के लिए क्या है सलाह?
यदि आपके PhonePe Wallet में पैसा पड़ा हुआ है और आप लंबे समय से उसका इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं, तो एक बार वॉलेट की स्थिति जरूर जांच लें। समय-समय पर छोटा ट्रांजैक्शन करने से आपका वॉलेट सक्रिय रहेगा और किसी भी अतिरिक्त शुल्क से बचा जा सकेगा।
