28 से 30 सितंबर तक बैंक हड़ताल का असर, SBI ने ग्राहकों को दी जरूरी सलाह; UPI और डिजिटल बैंकिंग रहेगी विकल्प
SBI Strike
अगर आपका बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम आने वाले दिनों में है तो उसे समय रहते निपटा लेना बेहतर होगा। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स (UFBU) ने 28 से 30 सितंबर 2026 तक तीन दिन की देशव्यापी बैंक हड़ताल का प्रस्ताव दिया है। इसी को देखते हुए भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने अपने ग्राहकों के लिए सलाह जारी की है। बैंक ने कहा है कि हड़ताल के दौरान जरूरी बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने की कोशिश की जाएगी, लेकिन कर्मचारियों की भागीदारी के आधार पर शाखाओं का काम प्रभावित हो सकता है।

28 सितंबर से पहले निपटा लें जरूरी बैंकिंग काम
SBI ने ग्राहकों से कहा है कि जिन कामों के लिए बैंक शाखा जाना जरूरी है, उन्हें हड़ताल शुरू होने से पहले पूरा कर लें। इसमें जरूरी लेनदेन, दस्तावेज से जुड़े काम और ऐसे बैंकिंग कार्य शामिल हैं जिनमें कर्मचारियों की सहायता की जरूरत पड़ती है।
बैंक ने खास तौर पर ग्राहकों को सलाह दी है कि 28 सितंबर से पहले लंबित बैंकिंग काम पूरे कर लें, ताकि हड़ताल के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
शाखाओं के काम पर पड़ सकता है असर
SBI ने कहा है कि वह हड़ताल के दौरान जरूरी बैंकिंग सेवाओं को जारी रखने के लिए अपनी तरफ से सभी जरूरी इंतजाम कर रहा है। हालांकि, कर्मचारियों की भागीदारी के कारण कुछ शाखाओं और कार्यालयों का काम प्रभावित हो सकता है।
इसका मतलब यह है कि हर शाखा में सभी सेवाएं सामान्य रूप से मिलें, यह जरूरी नहीं है। खास तौर पर ऐसे काम जिनके लिए बैंक कर्मचारी की प्रत्यक्ष मदद या दस्तावेजों की जरूरत होती है, उनमें देरी हो सकती है।
नकदी की जरूरत हो तो ATM और ADWM का करें इस्तेमाल
हड़ताल के दौरान नकदी निकालने या जमा करने के लिए ग्राहक ATM और ऑटोमेटेड डिपॉजिट एंड विदड्रॉल मशीन (ADWM) का इस्तेमाल कर सकते हैं।
SBI ने ग्राहकों को कस्टमर सर्विस प्वाइंट (CSP) का इस्तेमाल करने की भी सलाह दी है। उपलब्ध सेवाओं के आधार पर CSP के जरिए बैंक से जुड़े कुछ जरूरी काम किए जा सकते हैं।
UPI के फ्री पेमेंट पर नया नियम! 2 हजार से ज्यादा के भुगतान पर 0.4% तक लगेगा MDR
UPI, इंटरनेट बैंकिंग और YONO से कर सकेंगे डिजिटल लेनदेन
SBI ने ग्राहकों को हड़ताल के दौरान डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। ग्राहक इंटरनेट बैंकिंग, YONO, मोबाइल बैंकिंग और UPI के जरिए ऑनलाइन भुगतान, पैसे ट्रांसफर करने और दूसरे नियमित डिजिटल लेनदेन कर सकते हैं।
इन सेवाओं के लिए बैंक शाखा जाने की जरूरत नहीं होती, इसलिए सामान्य डिजिटल लेनदेन के लिए ग्राहक इन माध्यमों का इस्तेमाल कर सकते हैं।
हालांकि सभी बैंकिंग सेवाएं ऑनलाइन पूरी नहीं की जा सकतीं। ऐसे काम जिनमें मूल दस्तावेज, कुछ विशेष चेक सेवाएं या बैंक कर्मचारियों की प्रत्यक्ष सहायता जरूरी होती है, उनके लिए शाखा जाना पड़ सकता है और हड़ताल के दौरान इनमें देरी हो सकती है।
लगातार पांच दिन बैंक जाने में परेशानी हो सकती है
28 से 30 सितंबर तक तीन दिन की प्रस्तावित हड़ताल के ठीक पहले 26 सितंबर को चौथा शनिवार और 27 सितंबर को रविवार है। ऐसे में शाखा से जुड़े जरूरी काम करने वाले ग्राहकों के लिए 26 से 30 सितंबर तक लगातार पांच दिन बैंक शाखाओं की सामान्य सेवाएं प्रभावित रहने की स्थिति बन सकती है।
हालांकि डिजिटल बैंकिंग, एटीएम और अन्य वैकल्पिक सेवाओं के उपलब्ध रहने की उम्मीद है। SBI ने भी ग्राहकों को इन्हीं माध्यमों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।
Nasdaq-100 में SpaceX का वजन दोगुने से ज्यादा, 1.28% से बढ़कर 2.82% हुआ
अक्टूबर में भी प्रस्तावित है लंबी हड़ताल
बैंक यूनियनों की ओर से सितंबर की हड़ताल के अलावा 26 अक्टूबर 2026 से लगातार हड़ताल का भी प्रस्ताव दिया गया है। SBI ने अपने नियामकीय खुलासे में 11 सितंबर, 28 से 30 सितंबर और 26 अक्टूबर से प्रस्तावित लगातार हड़ताल की जानकारी दी थी। बैंक ने कहा था कि वह सामान्य कामकाज बनाए रखने के लिए जरूरी इंतजाम कर रहा है, लेकिन हड़ताल से काम प्रभावित हो सकता है।
फिलहाल 28 से 30 सितंबर की प्रस्तावित हड़ताल को देखते हुए ग्राहकों के लिए सबसे जरूरी बात यही है कि शाखा से जुड़े जरूरी काम पहले ही पूरे कर लें। सामान्य भुगतान और पैसे ट्रांसफर करने जैसे डिजिटल कामों के लिए UPI, इंटरनेट बैंकिंग, YONO और मोबाइल बैंकिंग का इस्तेमाल किया जा सकता है।
