EV टू-व्हीलर बिक्री में जून में 64% की जोरदार बढ़त, TVS रही नंबर-1, Ola Electric की बाजार हिस्सेदारी घटी
EV Two Wheelers
भारत में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर (EV 2W) बाजार ने जून 2026 में शानदार प्रदर्शन किया। बढ़ती पेट्रोल कीमतें, कम रनिंग कॉस्ट और नए मॉडलों की उपलब्धता की वजह से इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग लगातार बढ़ रही है। Vahan डेटा के अनुसार जून 2026 में देशभर में 1,81,168 इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर रजिस्टर हुए जो पिछले साल जून के मुकाबले 64% अधिक हैं। पूरे महीने में औसतन हर दिन 6,000 से ज्यादा इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर की बिक्री दर्ज की गई जिससे यह अब तक का दूसरा सबसे बड़ा मासिक बिक्री आंकड़ा बन गया।
TVS ने बरकरार रखी बढ़त, Bajaj और Ather भी मजबूत
जून 2026 में TVS Motor ने सबसे ज्यादा 44,467 इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बेचकर अपनी नंबर-1 पोजिशन बरकरार रखी। कंपनी की बिक्री सालाना आधार पर 65.2% बढ़ी। हालांकि बाजार हिस्सेदारी पिछले साल के 24.7% से थोड़ी घटकर 24.5% रही लेकिन कंपनी अभी भी सबसे आगे है। दूसरे स्थान पर Bajaj Auto रही, जिसने 40,576 यूनिट की बिक्री दर्ज की। कंपनी की बिक्री में 69% की बढ़त रही और उसकी बाजार हिस्सेदारी बढ़कर 22.4% हो गई। इससे TVS और Bajaj के बीच का अंतर पहले की तुलना में काफी कम हो गया। वहीं Ather Energy ने 29,422 यूनिट की बिक्री के साथ तीसरा स्थान बनाए रखा। कंपनी की बिक्री में 79.5% की बढ़ोतरी दर्ज की गई और उसका मार्केट शेयर बढ़कर 16.2% पहुंच गया।
Ola Electric की हिस्सेदारी घटी, Vida ने दिखाई तेज रफ्तार
एक समय इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार में सबसे आगे रहने वाली Ola Electric के लिए जून का महीना चुनौतीपूर्ण रहा। कंपनी ने 15,096 यूनिट की बिक्री की, जो पिछले साल जून के मुकाबले 27.1% कम है। इसी के साथ कंपनी की बाजार हिस्सेदारी घटकर 8.3% रह गई जबकि जून 2025 में यह 18.6% थी। दूसरी ओर Hero MotoCorp के इलेक्ट्रिक ब्रांड Vida ने मजबूत प्रदर्शन किया। कंपनी की बिक्री बढ़कर 20,198 यूनिट पहुंच गई जो पिछले साल जून में 7,945 यूनिट थी। Vida की बाजार हिस्सेदारी भी बढ़कर 11.2% हो गई। इसके अलावा Others श्रेणी में आने वाले अन्य ब्रांडों ने मिलकर 31,381 यूनिट की बिक्री की जो कुल बाजार का 17.3% हिस्सा रही। आंकड़े बताते हैं कि भारत का इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार लगातार प्रतिस्पर्धी बनता जा रहा है और आने वाले महीनों में इसमें और तेजी देखने को मिल सकती है।
