June 30, 2026

NVIDIA का अलग तरह का ऑफिस कल्चर! फ्री स्नैक्स और कॉफी नहीं, फिर भी कर्मचारियों को क्यों पसंद आ रहा है काम करने का माहौल?

NVIDIA

NVIDIA

दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनियों में से एक NVIDIA अपने ऑफिस कल्चर को लेकर इन दिनों चर्चा में है। आमतौर पर Google और Meta जैसी बड़ी कंपनियों में कर्मचारियों को फ्री स्नैक्स, कॉफी और कई तरह की सुविधाएं मिलती हैं, लेकिन NVIDIA इस मामले में अलग रास्ता अपनाती दिख रही है। सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग एक्सपर्ट Gergely Orosz ने हाल ही में X (पहले Twitter) पर अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि NVIDIA के हेडक्वार्टर में कर्मचारियों को स्नैक्स और कॉफी जैसी चीजों के लिए भुगतान करना पड़ता है। यह बात कई लोगों के लिए हैरान करने वाली थी क्योंकि सिलिकॉन वैली में फ्री फूड और बेवरेजेस एक आम सुविधा मानी जाती है। हालांकि दिलचस्प बात यह रही कि NVIDIA के कर्मचारी इस नीति से परेशान नहीं दिखे। कर्मचारियों ने मजाक में कहा कि हमारे पास सैलरी है उसी से हम अपनी जरूरत की चीजें खरीद लेते हैं।

AI कंपनियों की मौजूदगी और काम का माहौल

रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि NVIDIA ऑफिस के अंदर कई AI कंपनियों की टीमें मौजूद हैं, जिनमें OpenAI की Codex टीम भी शामिल है। ये टीमें NVIDIA के दफ्तर में ही ऑफिस आवर्स रखती हैं जिससे यह साफ होता है कि कंपनी AI इकोसिस्टम का एक बड़ा केंद्र बन चुकी है। Orosz के अनुसार NVIDIA के ऑफिस का माहौल काफी अलग है। उन्होंने इसे Positive, Focused, Confident and Relaxed बताया। यानी यहां काम का दबाव भी है लेकिन वातावरण काफी शांत और संतुलित रहता है।

Tata Communications करेगी $152 मिलियन का निवेश, भारत–सिंगापुर सबसी केबल नेटवर्क होगा मजबूत

कर्मचारी अनुभव और कंपनी की संस्कृति

Orosz ने यह भी बताया कि NVIDIA में कर्मचारियों का टर्नओवर काफी कम है और कई लोग लंबे समय तक कंपनी से जुड़े रहते हैं। कुछ कर्मचारी तो कुछ समय के लिए कंपनी छोड़कर स्टार्टअप शुरू करते हैं और फिर बाद में वापस लौट आते हैं जिसे boomerang employees कहा जाता है। कंपनी में एक और खास बात यह है कि टीम बदलना आसान है और मैनेजर्स ऐसे लोगों को भी मौका देते हैं जिनके पास पूरी तरह से संबंधित अनुभव नहीं होता बशर्ते वे जल्दी सीखने की क्षमता रखते हों। इसके अलावा लगभग हर बातचीत में कंपनी के सीईओ Jensen Huang का जिक्र जरूर होता है जिससे यह साफ होता है कि उनका प्रभाव कंपनी की संस्कृति और दिशा पर काफी मजबूत है।