July 19, 2026

Nvidia CEO Jensen Huang की ब्लैक लेदर जैकेट ₹9.4 करोड़ में नीलाम, रकम युवा इनोवेटर्स की मदद पर होगी खर्च

jensen huang

Jensen Huang's iconic black leather jacket sold for Rs 9.2 crore at auction

Nvidia के CEO Jensen Huang की पहचान बन चुकी ब्लैक लेदर जैकेट रिकॉर्ड कीमत पर नीलाम हुई है। दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनियों में शामिल Nvidia के प्रमुख की यह सिग्नेचर जैकेट 9.60 लाख डॉलर (करीब ₹9.4 करोड़) में बिकी। खास बात यह रही कि नीलामी से पहले इसकी कीमत 40 हजार से 60 हजार डॉलर (करीब ₹33 लाख से ₹50 लाख) के बीच आंकी गई थी लेकिन अंतिम बोली अनुमान से करीब 16 गुना अधिक रही।

युवा वैज्ञानिकों और इनोवेटर्स पर खर्च होगी पूरी रकम

प्रसिद्ध ऑक्शन हाउस Sotheby’s द्वारा आयोजित नीलामी से मिली पूरी राशि दान की जाएगी। यह फंड सैन फ्रांसिस्को की वेंचर कैपिटल फर्म Long Journey Ventures की पहल के जरिए Age Institute को मिलेगा। यह गैर-लाभकारी संस्था टेक्नोलॉजी, विज्ञान, संस्कृति और समाज से जुड़े शोधकर्ताओं, वैज्ञानिकों और युवा इनोवेटर्स को नए आइडिया विकसित करने के लिए सहयोग देती है।

टेक इंडस्ट्री में बन चुकी है पहचान

जिस तरह Steve Jobs का ब्लैक टर्टलनेक और Mark Zuckerberg की ग्रे टी-शर्ट या हुडी उनकी पहचान बन गई थी, उसी तरह Jensen Huang की ब्लैक लेदर जैकेट भी टेक इंडस्ट्री में उनका सिग्नेचर स्टाइल बन चुकी है। Nvidia के लगभग हर बड़े प्रोडक्ट लॉन्च, डेवलपर कॉन्फ्रेंस और कीनोट इवेंट में वह इसी लुक में नजर आते हैं। साल 2016 में Reddit के एक AMA (Ask Me Anything) सेशन के दौरान Jensen Huang ने मजाकिया अंदाज में खुद को लेदर जैकेट वाला शख्स बताया था। उनकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि Time Magazine ने भी 2021 के अपने कवर पर उन्हें इसी सिग्नेचर जैकेट में जगह दी थी।

Apple Music ने बढ़ाए सब्सक्रिप्शन प्लान के दाम, जानिए क्यों महंगी हुई म्यूजिक स्ट्रीमिंग सर्विस

2023 के ताइपे इवेंट में पहनी थी यही जैकेट

नीलामी में शामिल यह ब्लैक लेदर जैकेट लग्जरी फैशन ब्रांड Tom Ford की है। Jensen Huang ने इसे 18 अक्टूबर 2023 को ताइपे में आयोजित Hon Hai Tech Day के दौरान पहना था। Sotheby’s ने इवेंट की तस्वीरों से जैकेट का मिलान किया और उस पर मौजूद Jensen Huang के ऑटोग्राफ का सत्यापन James Spence Authentication से कराया।

Tom Ford जैकेट्स के बड़े शौकीन हैं Jensen Huang

Jensen Huang लंबे समय से Tom Ford की लेदर जैकेट पहनने के लिए जाने जाते हैं। फैशन विशेषज्ञों के अनुसार, उनकी अधिकांश जैकेट्स की कीमत कई हजार डॉलर से लेकर 10 हजार डॉलर (करीब ₹8.3 लाख) या उससे भी अधिक होती है। यही वजह है कि उनका यह स्टाइल अब Silicon Valley की पहचान का हिस्सा बन चुका है।

Ferrari Amalfi Spider : लग्जरी और स्पीड का नया कॉकटेल, 3.3 सेकेंड में 100kmph की रफ्तार

दुनिया के सबसे अमीर लोगों में शामिल हैं Jensen Huang

Forbes की रियल टाइम बिलियनेयर्स सूची के मुताबिक Nvidia के CEO Jensen Huang की कुल संपत्ति 175 अरब डॉलर (करीब ₹16.84 लाख करोड़) है। वह वर्तमान में दुनिया के सातवें सबसे अमीर व्यक्ति हैं।