Trump की कमाई में बड़ा बदलाव! अब क्रिप्टो बना सबसे बड़ा पैसा कमाने का जरिया, एक साल में ₹13 हजार करोड़ से ज्यादा की कमाई
Trump
अमेरिका के राष्ट्रपति Trump की आय को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। हाल ही में सार्वजनिक की गई उनकी वित्तीय जानकारी (Financial Disclosure) से पता चला है कि अब उनकी सबसे बड़ी कमाई रियल एस्टेट, होटल या गोल्फ बिजनेस से नहीं बल्कि क्रिप्टोकरेंसी कारोबार से हो रही है। साल 2025 में ट्रम्प और उनके परिवार ने क्रिप्टो से 1.4 बिलियन डॉलर (करीब ₹13 हजार करोड़) से ज्यादा की कमाई की है।
क्रिप्टो ने पीछे छोड़ा रियल एस्टेट और गोल्फ बिजनेस
अमेरिकी सरकारी एजेंसी यूएस ऑफिस ऑफ गवर्नमेंट एथिक्स में दाखिल वार्षिक रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रम्प की आय के स्रोतों में बड़ा बदलाव आया है। लंबे समय तक उनकी पहचान रियल एस्टेट कारोबारी के रूप में रही, लेकिन अब क्रिप्टो बिजनेस उनकी कमाई का सबसे बड़ा माध्यम बन चुका है। रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2025 में क्रिप्टो कारोबार से हुई कमाई उनके होटल, गोल्फ रिसॉर्ट और अन्य पारंपरिक व्यवसायों से कहीं अधिक रही।
World Liberty Financial से हुई सबसे ज्यादा कमाई
डोनाल्ड ट्रम्प और उनके बेटों द्वारा शुरू किया गया क्रिप्टो वेंचर World Liberty Financial उनकी सबसे बड़ी आय का स्रोत बन गया है। बताया गया है कि इस प्लेटफॉर्म से ट्रम्प समूह ने करीब 800 मिलियन डॉलर (करीब ₹7,500 करोड़) की कमाई की। यह कमाई टोकन बिक्री और डिजिटल एसेट्स से जुड़े कारोबार के जरिए हुई है।
Trump Meme Coin मीम कॉइन ने भी दिलाया हजारों करोड़ का मुनाफा
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि ट्रम्प के नाम से जुड़े Trump Meme Coin ने भी उन्हें जबरदस्त फायदा पहुंचाया। इस डिजिटल कॉइन की बिक्री से उन्हें करीब 635 मिलियन डॉलर (लगभग ₹6 हजार करोड़) का मुनाफा हुआ। गौरतलब है कि इससे पहले वर्ष 2024 में ट्रम्प ने World Liberty Financial की टोकन बिक्री से 57.35 मिलियन डॉलर (करीब ₹544 करोड़) की आय घोषित की थी।
पारंपरिक कारोबार भी रहा मजबूत
हालांकि क्रिप्टो सबसे बड़ा आय स्रोत बन गया है लेकिन ट्रम्प के पारंपरिक व्यवसाय भी मजबूत प्रदर्शन कर रहे हैं। गोल्फ कोर्स और रिसॉर्ट्स से वर्ष 2025 में करीब 500 मिलियन डॉलर (करीब ₹4,700 करोड़) का राजस्व मिला फ्लोरिडा स्थित उनके प्रसिद्ध Mar-a-Lago Resort की कमाई भी बढ़ी। इसका वार्षिक राजस्व 50 मिलियन डॉलर से बढ़कर 77 मिलियन डॉलर (करीब ₹730 करोड़) पहुंच गया।
मीडिया सेटलमेंट और ब्रांड लाइसेंसिंग से भी करोड़ों की कमाई
ट्रम्प को मीडिया कंपनियों के साथ हुए कानूनी समझौतों (Settlement) से करीब 80 मिलियन डॉलर (करीब ₹760 करोड़) मिले। इसके अलावा, मध्य-पूर्व समेत कई विदेशी रियल एस्टेट डेवलपर्स को अपने नाम और ब्रांड के इस्तेमाल की अनुमति देकर उन्होंने 52 मिलियन डॉलर (करीब ₹500 करोड़) की अतिरिक्त कमाई की।
क्रिप्टो नीतियों को लेकर उठे सवाल
ट्रम्प की बढ़ती क्रिप्टो कमाई के बीच विपक्ष और कई विशेषज्ञों ने हितों के टकराव (Conflict of Interest) को लेकर सवाल उठाए हैं। आलोचकों का कहना है कि व्हाइट हाउस लौटने के बाद ट्रम्प प्रशासन ने क्रिप्टो उद्योग के पक्ष में कई फैसले लिए हैं। सरकार ने स्टेबलकॉइन के लिए नए संघीय नियमों का समर्थन किया है और क्रिप्टो कंपनियों पर नियामकीय कार्रवाई भी पहले की तुलना में नरम की गई है।
Indigo का नया सस्ता किराया ‘IndiGo Lite’ लॉन्च, सिर्फ 7kg केबिन बैग के साथ मिलेगा सस्ता टिकट
व्हाइट हाउस ने आरोपों को किया खारिज
व्हाइट हाउस ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। प्रवक्ता अन्ना केली ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रम्प या उनके परिवार की ओर से किसी भी तरह का हितों का टकराव नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि ट्रम्प प्रशासन का उद्देश्य अमेरिका को दुनिया की “क्रिप्टो कैपिटल” बनाना है। व्हाइट हाउस का यह भी कहना है कि ट्रम्प के कारोबारी हितों का संचालन उनके बच्चे करते हैं, हालांकि उन संपत्तियों और डिजिटल एसेट्स से होने वाली आय के अंतिम लाभार्थी ट्रम्प ही हैं।
