June 30, 2026

WhatsApp का बड़ा प्राइवेसी अपडेट: अब बिना मोबाइल नंबर शेयर किए होगी चैट, जल्द मिलेगा Username फीचर

Whatsapp username

Whatsapp username

WhatsApp अपने यूजर्स के लिए अब तक का सबसे बड़ा प्राइवेसी अपडेट लाने की तैयारी में है। Meta के स्वामित्व वाला यह मैसेजिंग प्लेटफॉर्म जल्द ऐसा फीचर लॉन्च करेगा, जिसकी मदद से लोग अपना मोबाइल नंबर बताए बिना भी एक-दूसरे से चैट कर सकेंगे। इसके लिए WhatsApp में Username सिस्टम जोड़ा जा रहा है। कंपनी ने इस फीचर के लिए यूजरनेम रिजर्व कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। उम्मीद है कि आने वाले कुछ महीनों में इसे दुनियाभर के यूजर्स के लिए जारी कर दिया जाएगा।

अब मोबाइल नंबर शेयर करना नहीं होगा जरूरी

फिलहाल WhatsApp पर किसी नए व्यक्ति से बात करने के लिए उसका मोबाइल नंबर होना जरूरी होता है। लेकिन नए अपडेट के बाद यूजर्स चाहें तो अपना यूनिक Username शेयर करके भी बातचीत शुरू कर सकेंगे। इसका सबसे बड़ा फायदा उन लोगों को मिलेगा जो किसी नए व्यक्ति, क्लासमेट, पड़ोसी, बिजनेस कॉन्टैक्ट या किसी इवेंट में मिले व्यक्ति से जुड़ना चाहते हैं लेकिन अपना निजी मोबाइल नंबर साझा नहीं करना चाहते।

WhatsApp हेड ने दी जानकारी

WhatsApp के ग्लोबल हेड कुनाल शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस नए फीचर की जानकारी देते हुए लिखा कि उन्होंने दुनिया के सामने फीचर आने से पहले ही अपना Username सुरक्षित कर लिया है। उन्होंने कहा कि यह लोगों को ज्यादा निजी और सुरक्षित तरीके से जुड़ने का विकल्प देगा और जल्द ही सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध होगा।

आने वाले महीनों में शुरू होगी सुविधा

WhatsApp ने बताया है कि Username रिजर्वेशन शुरू हो चुका है और अगले कुछ महीनों में इसे सक्रिय किया जाएगा। हालांकि कंपनी ने अभी इसकी सटीक लॉन्च डेट का ऐलान नहीं किया है। फीचर उपलब्ध होने के बाद यूजर यह तय कर सकेंगे कि वे किसी से मोबाइल नंबर के जरिए जुड़ना चाहते हैं या केवल Username के माध्यम से।

3 अरब से ज्यादा यूजर्स को मिलेगा फायदा

WhatsApp का दावा है कि उसके दुनियाभर में 3 अरब से ज्यादा सक्रिय यूजर्स हैं। कंपनी का मानना है कि Username फीचर यूजर्स की प्राइवेसी को पहले से कहीं ज्यादा मजबूत बनाएगा।

सिर्फ नया फीचर नहीं, प्राइवेसी की नई परत

WhatsApp की वाइस प्रेसिडेंट (प्रोडक्ट) एलिस न्यूटन-रेक्स के मुताबिक Username फीचर को शुरुआत से ही प्राइवेसी को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि जब कोई व्यक्ति किसी नए इंसान से मिलता है तो अपना मोबाइल नंबर साझा करना कई बार असहज महसूस होता है। ऐसे में Username लोगों को सुरक्षित तरीके से बातचीत शुरू करने का विकल्प देगा। उनका कहना है कि कंपनी चाहती है कि लोग WhatsApp पर खुद को सुरक्षित महसूस करें और बिना निजी जानकारी साझा किए भी नए लोगों से जुड़ सकें।

किसी डायरेक्टरी में नहीं मिलेगा आपका Username

  • WhatsApp ने साफ किया है कि यह फीचर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की तरह काम नहीं करेगा।
  • कंपनी किसी तरह की Username Search Directory नहीं बनाएगी।

यानी कोई भी व्यक्ति सिर्फ आपका सही Username जानने पर ही पहली बार आपसे संपर्क कर सकेगा। इसके अलावा WhatsApp टाइप करते समय किसी Username का सुझाव भी नहीं देगा, जिससे अनचाहे मैसेज आने की संभावना काफी कम हो जाएगी।

Username के लिए होंगे ये नियम

  • Username कम से कम 3 अक्षरों का होगा।
  • अधिकतम 35 अक्षरों तक रखा जा सकेगा।
  • प्रत्येक Username पूरी तरह यूनिक होगा।
  • एक Username केवल एक ही यूजर के पास रहेगा।

HDFC Bank को मिला नया चेयरमैन: पूर्व वित्त सचिव राजीव कुमार संभालेंगे जिम्मेदारी, 3 साल का होगा कार्यकाल

फर्जी अकाउंट रोकने के लिए खास इंतजाम

WhatsApp ने इस फीचर के साथ कई सुरक्षा उपाय भी लागू किए हैं ताकि फर्जी अकाउंट और पहचान की चोरी को रोका जा सके। कंपनी के मुताबिक-

  • Facebook और Instagram पर पहले से इस्तेमाल हो रहे कई Username उनके मौजूदा मालिकों के लिए रिजर्व रखे जाएंगे।
  • सेलिब्रिटी, सार्वजनिक हस्तियों, सरकारी संस्थानों और अन्य हाई-प्रोफाइल अकाउंट्स के Username सुरक्षित रखे जाएंगे।
  • बिजनेस अकाउंट, क्रिएटर्स और संगठनों को भी अपना Username सुरक्षित करने का मौका मिलेगा।

Signal जैसे ऐप्स में पहले से मौजूद है सुविधा

Username आधारित चैटिंग का फीचर Signal जैसे मैसेजिंग ऐप्स में पहले से मौजूद है। हालांकि WhatsApp का कहना है कि उसका उद्देश्य इसे सोशल नेटवर्किंग फीचर बनाना नहीं बल्कि यूजर्स की प्राइवेसी को मजबूत करना है।

कैबिनेट ने NIIF में ₹30,000 करोड़ की अतिरिक्त निवेश मंजूरी दी, इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर को मिलेगा बड़ा बूस्ट

अभी मौजूद हैं कई प्राइवेसी फीचर

फिलहाल WhatsApp अपने यूजर्स को कई सुरक्षा विकल्प देता है जिनमें

  • किसी भी यूजर को ब्लॉक करना
  • अनजान नंबरों की कॉल साइलेंट करना
  • ग्रुप चैट में केवल प्रोफाइल नाम दिखाना
  • एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन शामिल हैं।

अब Username फीचर जुड़ने के बाद यूजर्स को मोबाइल नंबर छिपाकर भी बातचीत करने की सुविधा मिल जाएगी जिससे उनकी निजी जानकारी पहले से अधिक सुरक्षित रहेगी।