Indigo का नया सस्ता किराया ‘IndiGo Lite’ लॉन्च, सिर्फ 7kg केबिन बैग के साथ मिलेगा सस्ता टिकट
Indigo
देश की सबसे बड़ी घरेलू एयरलाइन IndiGo ने यात्रियों के लिए एक नया और किफायती किराया विकल्प ‘IndiGo Lite’ लॉन्च किया है। यह स्कीम खास तौर पर उन यात्रियों के लिए लाई गई है जो हल्के सामान के साथ सफर करते हैं और सस्ते टिकट की तलाश में रहते हैं। इस नए किराया विकल्प के तहत यात्री अधिकतम 7 किलो तक का केबिन बैग अपने साथ ले जा सकेंगे। कंपनी का कहना है कि इससे शुरुआती टिकट कीमतें और कम होंगी।
क्या है ‘IndiGo Lite’ स्कीम?
IndiGo Lite को एंट्री-लेवल इकोनॉमी किराया के रूप में पेश किया गया है। इसमें यात्रियों को सामान्य किराए की तुलना में कम बेस फेयर देना होगा। इसके साथ कुछ सुविधाएं भी शामिल हैं-
- 7kg तक का केबिन बैग ले जाने की अनुमति
- सिस्टम द्वारा ऑटो-असाइंड सीट
- अतिरिक्त सामान या सेवाओं के लिए अलग चार्ज
यह योजना घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों उड़ानों पर लागू होगी।
WhatsApp के नए यूजरनेम फीचर पर सरकार की नजर, साइबर सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता
बुकिंग शुरू, 15 जुलाई से यात्रा
कंपनी ने इस नए किराए की बुकिंग 1 जुलाई से अपनी वेबसाइट और मोबाइल ऐप पर शुरू कर दी है। हालांकि इस योजना के तहत यात्रा 15 जुलाई से की जा सकेगी। एयरलाइन का कहना है कि यह कदम यात्रियों को उनकी जरूरत के हिसाब से भुगतान करने की सुविधा देने के उद्देश्य से उठाया गया है।
यात्रियों के लिए क्या होगा फायदा?
हाल के समय में एयरलाइंस उन सेवाओं को अलग-अलग चार्ज करने पर जोर दे रही हैं, जिनका यात्री उपयोग नहीं करते। इसी दिशा में IndiGo का यह नया विकल्प उन लोगों के लिए फायदेमंद माना जा रहा है जो हल्के सामान के साथ सस्ता और आसान सफर चाहते हैं। कंपनी के अनुसार यह स्कीम हवाई यात्रा को और ज्यादा किफायती और सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक अहम कदम है।
