June 25, 2026

Share Market Today : सेंसेक्स 790 अंक उछला, निफ्टी 24,000 के पार; IT और रियल्टी शेयरों में जोरदार खरीदारी

Share market Today

Share market Today

Share Market Today : शेयर बाजार में बुधवार को शानदार तेजी देखने को मिली। कारोबार के अंत में बीएसई सेंसेक्स 790 अंक की मजबूती के साथ 76,991 के ऊपर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 197 अंक चढ़कर 24,021 के स्तर पर पहुंच गया। दिनभर बाजार में खरीदारी का माहौल बना रहा और निवेशकों ने आईटी, बैंकिंग और रियल्टी सेक्टर के शेयरों में जमकर दांव लगाया। बाजार की इस तेजी में टेक महिंद्रा, ट्रेंट, इंडिगो, बजाज फाइनेंस और आईसीआईसीआई बैंक जैसे दिग्गज शेयरों ने अहम भूमिका निभाई। कई प्रमुख शेयरों में 5% तक की बढ़त दर्ज की गई, जिससे निवेशकों की संपत्ति में अच्छा इजाफा हुआ।

कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से बाजार को राहत

बाजार में तेजी की सबसे बड़ी वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट रही। ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमत घटकर लगभग 76 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई। ईरान-इजरायल तनाव के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य में फंसे तेल टैंकरों के बाहर निकलने की खबरों ने सप्लाई को लेकर चिंता कम की जिससे तेल की कीमतों में नरमी आई। इसका सकारात्मक असर भारतीय बाजार पर भी देखने को मिला।

विदेशी निवेशकों की वापसी से बढ़ा भरोसा

पिछले कुछ समय से लगातार बिकवाली कर रहे विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने एक बार फिर भारतीय बाजार में खरीदारी शुरू की है। मंगलवार को विदेशी निवेशकों ने करीब 18 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे। इससे निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ और बाजार में सकारात्मक माहौल बना।

भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की उम्मीद

भारत और अमेरिका के बीच संभावित व्यापार समझौते की खबरों ने भी बाजार को मजबूती दी। रिपोर्ट्स के अनुसार दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय ट्रेड डील को लेकर बातचीत अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। निवेशकों को उम्मीद है कि इस समझौते से भारतीय कंपनियों को नए अवसर मिलेंगे और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

Reliance Industries : AGM के बाद कंपनी पर बुलिश हुए ब्रोकरेज, Jio IPO से लेकर AI और ग्रीन एनर्जी तक दिखी बड़ी कमाई की संभावना

IT और बैंकिंग शेयरों ने संभाली बाजार की कमान

बुधवार को आईटी सेक्टर बाजार का सबसे बड़ा सहारा बना। टेक महिंद्रा, इंफोसिस और टीसीएस जैसे दिग्गज शेयरों में अच्छी खरीदारी देखने को मिली। इसके साथ ही निजी बैंकिंग शेयरों में भी जबरदस्त तेजी रही। आईसीआईसीआई बैंक और एचडीएफसी बैंक में मजबूत लिवाली के चलते बैंकिंग इंडेक्स ने भी बढ़त दर्ज की।

ग्लोबल बाजारों से मिले मिले-जुले संकेत

एशियाई बाजारों में कारोबार मिला-जुला रहा, लेकिन हॉन्गकॉन्ग के हैंगसेंग इंडेक्स में बढ़त देखने को मिली। वहीं जापान और दक्षिण कोरिया के बाजार दबाव में रहे। दूसरी ओर अमेरिकी बाजारों में पिछले कारोबारी सत्र के दौरान कमजोरी दर्ज की गई थी लेकिन भारतीय बाजार ने घरेलू सकारात्मक संकेतों के दम पर मजबूती दिखाई।

Adani Group AGM : गौतम अडाणी के 3 बड़े ऐलान, कर्मचारियों से लेकर इंफ्रास्ट्रक्चर तक नया रोडमैप

घरेलू निवेशकों का समर्थन जारी

घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) की लगातार खरीदारी भी बाजार के लिए सहारा बनी हुई है। पिछले एक महीने में घरेलू निवेशकों ने बड़ी मात्रा में निवेश किया है, जिससे बाजार में स्थिरता बनी हुई है। विदेशी निवेशकों की वापसी और घरेलू फंड्स की मजबूत खरीदारी ने मिलकर बाजार को नई ऊर्जा दी है।